कदौरा। थाना क्षेत्र के ग्राम बागी में कोटे की दुकान में कार्डधारकों ने हंगामा कर दिया। हंगामे की वजह कोटेदार ने वैक्सीन न लगवाने वाले कार्ड धारकों को राशन देने से मना कर दिया था। मामले की सूचना पर पहुंची बीडीओ ने मामले को शांत कराकर राशन सामग्री वितरित कराई।
शुक्रवार को ग्राम बागी में कोटेदार दयाराम में अजीवों गरीब फरमान जारी करते हुए सभी कार्ड धारकों से कहा कि पहले वैक्सीन लगवाओ, इसके बाद ही राशन मिलेगा। कोटेदार ने उन सभी कार्ड धारकों को राशन देने से मना कर दिया, जिसने वैक्सीन न लगवाई हो। इससे ग्रामीण उग्र हो गए और दुकान पर हंगामा करने लगे। मामले की सूचना पर सूचना मिलते ही बीडीओ अतिरंजन सिंह व पुलिस मौके पर पहुंच गए और हंगामा कर रहे कार्ड धारकों में समझा बुझा कर शांत कराया। कार्डधारक नसरीन, अमीना, रज्जो, सोमवती, सुंदर आदि ने अधिकारियों को बताया कि बगैर किसी पूर्व सूचना के राशन विक्रेता दयाराम ने अचानक बिना वैक्सीन लगावाए लोगों को राशन देने से मना कर दिया। विरोध करने पर अभद्रता की। बीडीओ ने कोटेदार की फटकार लगाते हुए चेतावनी दी, कि सिर्फ लोगों को जागरूक करे। ताकि अधिक से अधिक लोगों का वैक्सीनेशन हो सके। उन्होंने कार्ड धारकों से भी अपील की है कि वह अधिक से अधिक संख्या में वैक्सीनेशन कराए। उन्होंने कहा कि सभी को राशन दिया जाएगा।
---
घटौली की शिकायत पर कोटेदार से भिड़े सभासद
कालपी। राशन की दुकान से घटतौली की शिकायत को लेकर राम चबूतरा मोहल्ले के कोटेदार व सभासद के बीच झड़प भी हुई। मामले की शिकायत एसडीएम से की गई। एसडीएम ने पूर्ति निरीक्षक को सभी राशन की दुकानों में आकस्मिक चेकिंग के निर्देश दिए हैं।
बता दें कि गुरुवार को नगर के राम चबूतरा मोहल्ले में कोटेदार कार्ड धारको को राशन वितरण कर रहा था। तभी इलाके के सभासद बरकत अंसारी वहां पहुंच गए व कोटेदार पर घटतौनी का आरोप लगाने लगे। इस पर कोटेदार व सभासद से नोंकझोंक भी हुई। मामले की शिकायत एसडीएम से की गई। एसडीएम कौशल कुमार का कहना है कि अगर किसी को कोई शिकायत है, तो अफसरों से शिकायत करनी चाहिए। मामले की जांच कराकर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)