उरई। शहर के एक स्कूल के पंजीयन केंद्र पर पहुंचे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को युवाओं की मार्कशीट जमा करने व उनके साथ छलकपट करने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को भी दी। सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा व कोतवाल फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। बाद में दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ शिकायती प्रार्थना पत्र दिए हैं। सिटी मजिस्ट्रेट ने दोनों पक्षों को न्यायोचित करवाई का आश्वासन दिया है।
अखिल साहू शहीद भगत सिंह चौराहे पर एक आईटीआई संस्थान का पंजीयन केंद्र खोले हैं। इसी पंजीयन केंद्र में बुधवार की दोपहर को एबीवीपी से जुड़े कुछ लोग पहुंच गए और केंद्र को फर्जी बताने लगे। केंद्र पर मौजूद लोगों ने केंद्र को सही और नियमानुसार संचालित बताया। इस पर दोनों ओर से धक्कामुक्की होने लगी। इस पर किसी ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दी तो सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा कोतवाल अरुण कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान आईआईटी की प्रिंसिपल नूपुर कश्यप को भी मौके पर बुलाया गया। अधिकारियों ने दोनों पक्षों को शांत कराया। बाद में दोनों पक्षों ने अलग-अलग जाकर थाने में शिकायती पत्र देकर एक दूसरे पर आरोप लगाया है। एक पक्ष का कहना है कि खुद को एबीवीपी के पदाधिकारी बताने वाले कुछ लोग केंद्र पर आकर कागज दिखाने की मांग कर रहे थे। साथ ही केंद्र में ताला डलवाने की धमकी देकर 20 हजार की मांग कर रहे थे। जबकि दूसरी ओर से खुद को एबीवीपी का पदाधिकारी बताने वाले लोगों का कहना है कि सेंटर नियम विरुद्ध है।