कदौरा में खदान को जाने वाले रास्ते को मशीन से गड्ढा करवाते अधिकारी
- फोटो : ORAI
कदौरा। शासनादेश के तहत 30 जून से जिले के सभी मौरंग खदानों को बंद कर दिया गया है। सोमवार को एसडीएम सुनील कुमार शुक्ला की अगुवाई में प्रशासन की टीम ने भेड़ी व क्योटरा खदानों पर छापा मारा और खदानों के रास्तों में जेसीबी व पोकलैंड की मदद गड्ढे खुदवा दिए।
बता दें कि प्रदेश सरकार ने 30 जून से लेकर 30 सितंबर तक खदानों के संचालन पर रोक लगा दी है। रोक लगते ही प्रशासनिक अधिकारियों ने लगातार घाटों पर छापा मारना शुरू कर दिया है। सोमवार को एसडीएम सुनील कुमार शुक्ला, प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भेड़ी व क्योटरा घाट की खदानों पर छापा मारा और घाटों का संचालन बंद मिला।
इसके बाद उन्होंने चोरी छिपे खनन न होने लगे इसके लिए इन दोनों खदानों की ओर जाने वाले मार्गों पर जेसीबी से बड़े-बड़े गड्ढे खुदवा दिए हैं। एसडीएम ने बताया कि 30 जून से खदानें बंद रखनी हैं। अगर किसी ने मार्गो को सही कर खनन किया गया तो खदान संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान इंस्पेक्टर कामता प्रसाद, एसआई संजय पाल, लेखपाल रामजी सिंह, राघवेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।