उरई (जालौन)। रामपुरा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पिचौरा का चुनाव रद्द कर दिया गया है। एक प्रत्याशी की कोरोना संक्रमण से हुई मौत के बाद असमंजस की स्थिति को खत्म कर जिला प्रशासन ने देर शाम चुनाव रद् करने का नोटिस जारी कर दिया। फिलहाल अभी यहां के चुनाव की तिथि तय नहीं की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका निरंजन ने बताया कि चुनाव आयोग की गाइडलाइन के अनुसार गांव में नए सिरे से चुनाव प्रक्रिया पूर्ण कराई जाएगी।
बता दें कि रामपुरा ब्लाक के ग्राम पिचौरा में पंचायत चुनाव के लेकर एक दर्जन से अधिक उम्मीदवारों ने नामांकन किया था। इनमें से एक उम्मीदवार लल्लू कोरोना से संक्रमित हो गए थे। इलाज के दौरान सोमवार को जिला अस्पताल में उनकी मृत्यु हो गई। हालांकि नाम वापसी के दिन प्रत्याशी के समर्थक ने नाम वापसी के लिए आवेदन कर दिया था। इसे एआरओ ने अस्वीकार कर दिया गया था।
इसी वजह से गांव में चुनाव को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। मामले पर अधिकारी भी कुछ कहने से बचते नजर आ रहे थे। देर शाम जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका निरंजन ने निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन का हवाला देते हुए 26 अप्रैल को गांव के चुनाव को रदद् कर दिया है। उन्होंने बताया कि गाइड लाइन के अनुसार गांव का चुनाव निरस्त कर दिया गया है। फिलहाल चुनाव की तिथि तय नहीं है। बाद में घोषित की जाएगी।