उरई (जालौन)। चुनाव आचार संहिता लगने के साथ ही जिले में विभिन्न सार्वजनिक स्थानों और विभागीय जगहों पर इसकी पालना सख्ती से शुरू करा दी गई है। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिला निर्वाचन अधिकारी संदीप कौर ने गुरुवार को निर्देश जारी किया जिसमें जिले की सभी सरकारी वेबसाइटों पर से राजनैतिक व्यक्तियों की फोटो हटाने को कहा गया।
इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी व जिलाधिकारी संदीप कौर ने बताया कि आचार संहिता लगने के साथ ही किसी भी राजनेता की फोटो सरकारी वेबसाइट पर नहीं होना चाहिए। इसके लिए चुनाव आयोग के स्पष्ट दिशा निर्देश हैं। ं चुनाव आयोग से पत्र भी प्राप्त हो चुका है जिसे देखते हुए जिले के अधिकारियों को सभी वेबसाइटों, विभागों और अन्य सरकारी जगहों व दफ्तरों से राजनेताओं व राजनीतिक व्यक्तियों की फोटो हटाने का निर्देश दिया गया है।
चुनाव की निगरानी के लिए बना कंट्रोल रूम
आचार संहिता लगने के बाद चुनाव आचार संहिता को सख्ती से लागू करने का निर्देश दिया गया है। गुरुवार को जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जनपद स्तर पर जनसुविधा केंद्र कलेक्ट्रेट उरई में एक कंट्रोल रूम की स्थापना भी कर दी गई है। इस कंट्रोल रूम में चुनाव के दौरान किसी भी तरह की शिकायत होने या शोषण होने पर सीधे शिकायत की जा सकेगी। नोडल अधिकारी निर्वाचन आलोक यादव ने बताया कि निर्वाचन के संबंध मेें किसी भी प्रकार की सूचना या शिकायत सीधे इस कंट्रोल रूम में की जा सकेगी। साथ ही प्रशासन की मदद भी ली जा सकेगी। कंट्रोल रूम का नंबर 05162-259999 है। यह लाइन चौबीस घंटे खुली रहेगी।