फोटो-20-पीएचसी परिसर में भरा पानी। स्रोत-ग्रामीण
सिरसा कलार। सिरसा कलार स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) नाले के गंदे पानी से घिरा हुआ है।
अस्पताल परिसर में जलभराव के चलते मरीजों, तीमारदारों और स्वास्थ्यकर्मियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। मरीजों को इलाज के लिए गंदे पानी से होकर अस्पताल के अंदर जाना पड़ता है। वहीं, संक्रमण फैलने का खतरा भी बना हुआ है।
फार्मासिस्ट राजेंद्र सिंह ने बताया कि जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। कई बार शिकायत के बावजूद जल निकासी का स्थायी समाधान नहीं हो सका। एएनएम पुष्पा ने बताया कि यह स्वास्थ्य केंद्र दर्जनों गांवों के लोगों के उपचार का प्रमुख केंद्र है। रात में प्रसव पीड़ा से परेशान महिलाएं भी यहां पहुंचती हैं, जिन्हें गंदे पानी के बीच से गुजरना पड़ता है।
जलभराव को लेकर ग्रामीणों में भी नाराजगी है। मोनू भास्कर, राघवेंद्र, शिवम, राजेश और खिल्ली ने प्रशासन से नाले की सफाई कराने और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की। ग्राम पंचायत सचिव वेद प्रकाश ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। शनिवार को मौके पर पहुंचकर नाले की सफाई कराई जाएगी।