आटा। भभुआ मजार के पास सोमवार रात बाइक सवार युवकों ने पेट्रोल पंप कर्मी को पीटकर एक हजार रुपये छीन लिए। मंगलवार को पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है।
कालपी कोतवाली क्षेत्र के छौंक गांव निवासी गौरव शुक्ला ने तहरीर में बताया कि वह रत्न मोटर्स के पेट्रोल पंप पर काम करता है। सोमवार की रात ड्यूटी करके करीब साढ़े दस बजे वह घर जा रहा था। जैसे ही वह आटा थाना क्षेत्र के भभुआ मजार के पास पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे बाइक सवार तीन अज्ञात युवकों ने उससे शाहजहांपुर जाने का रास्ता पूछा। जैसे ही उसने बाइक को धीमा किया तो एक युवक ने उसकी बाइक में लात मार दी। इससे वह नीचे गिर गया। आरोप है कि इसके बाद युवकों ने उसके साथ मारपीट कर उसके जेब में रखा पर्स छीन लिया और उसमें रखे एक हजार रुपये छीन कर भाग गए।
पीड़ित ने बताया कि उसने बाइक का नंबर देख लिया है। थाना प्रभारी अजय सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।