उरई/कालपी। एक हफ्ते से भीषण गर्मी शुरू हो गई है। इसे देखते हुए नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दिन ब दिन डायरिया के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। एक दिन में लगभग 15 से 20 मरीज हीट स्ट्रोक की वजह से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अपना इलाज कराने आ रहे हैं। पिछले एक हफ्ते से मौसम के तापमान में भारी वृद्धि हो रही है।
रविवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रहा। भीषण गर्मी व तेज धूप की वजह से लोग घरों से नहीं निकले। दोपहर 12 बजे के बाद सड़कों में सन्नाटा छा गया। गर्मी को चलते सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालपी में उल्टी-दस्त से डायरिया के मरीज दिन ब दिन बढ़ते जा रहे हैं।
आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालपी में ग्राम नरहान निवासी महिपाल (60), बैरई निवासी राजवीर (40), मोहल्ला निकासा निवासी श्रीराम (60), रामगंज निवासी स्नेहा, नई बस्ती निवासी रेहान सहित 20 मरीजों का ग्लूकोज की ड्रिप एवं ओआरएस पानी का घोल देकर इलाज किया गया।
चिकित्सक डॉ. शेख शहरयार ने अस्पताल आए मरीजों को सलाह दी कि दोपहर को घर से बाहर कम निकलें। बहुत जरूरत पड़ने पर ही घर से निकलें। अगर घर से बाहर निकलें तो अंगोछा डालकर व पानी लेकर निकलें। दिन में लगभग 8 से 10 लीटर पानी का सेवन करें। अगर उल्टी और दस्त लगने शुरू हो जाएं तो ओआरएस का घोल पानी में डालकर जरूर पीएं और तत्काल नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचकर चिकित्सक से परामर्श लें।