कालपी मार्ग पर मेडिकल कालेज के पास सड़क पड़ा सन्नाटा
- फोटो : ORAI
लोगों ने लॉकडाउन का किया पालन
सिर्फ जरूरी काम से निकले लोग, सामाजिक दूरी का किया पालन
फोटो-17- बाजारों में पसरा सन्नाटा
उरई/रामपुरा। लाक डाउन के चौथे दिन जिले की सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आया। सिर्फ जरूरी काम से लोग प्रशासन के छूट के दिए गए समय सुबह 8 से 12 बजे तक ही बाहर निकले। इस दौरान कई किराने की दुकानों व मेडिकल स्टोर पर लोग सामाजित दूरी यानी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते नजर आए।
कोरोना संक्रमण से बचाने की कवायद में 21 दिन के लॉकडाउन का असर होने लगा है। नगर व ग्रामीण क्षेत्र में अधिकांश लोग अब धीरे-धीरे अपने घरों में सिमटकर कैद होने लगे हैं। लॉकडाउन होने के कारण उरई शहर में कई जगह पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकले लोगों को डांट फटकार वापस भी किया। शनिवार को रामपुरा थानाध्यक्ष आरके सिंह के नेतृत्व में रामपुरा नगर इंचार्ज नरेश कुमार ने अपने हमराहियों के साथ नगर का भ्रमण कर लोगों को घरों में रहने की हिदायत दी। दुकानदारों से भी समय से ही दुकान खोलने व बंद करने तथा दुकानों पर भीड़भाड़ न लगने देने को कहा। जगम्मनपुर में चौकी प्रभारी भगत सिंह बौद्ध ने जगम्मनपुर बाजार एवं गांव का गश्त कर लोगों से घरों में बैठने और समूह बनाकर न बैठने की नसीहत दी। ऊमरी क्षेत्र व नदिया पार के विभिन्न गांव में भ्रमण कर कोरोना वायरस से बचने के लिए नियमों का पालन करने को कहा। संवाद
आपदा के लिए दिए 25 हजार
उरई। कोरोना से लड़ाई के लिए जारी प्रशासन की लड़ाई में समाजसेवियों ने भी मोर्चो खोल दिया है। जिले के समाजसेवी इंफोपार्क व बंडर प्ले के चेयरमैन अभय द्विवेदी ने जिलाधिकारी आपदा राहत कोस में 25 हजार रुपये का चेक दिया। इस दौरान उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और घरों में सुरक्षित रहें।