उरई। शहर निवासी सीआरपीएफ के एएसआई की ड्यटी के दौरान हृदय गति रुकने से श्रीनगर में निधन हो गया। रविवार को उसके साथी जवान शव लेकर उरई स्थित आवास आए। जवान को अंतिम विदाई देने वालों का हूजूम उमड़ पड़ा। मोक्षधाम में सीआरपीएफ के जवानों और स्थानीय पुलिस ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद शव का अंतिम संस्कार किया गया।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला राजेंद्र नगर निवासी धीरेंद्र कुमार सिंह (52) सीआरपीएफ की एफ 23 बटालियन में एएसआई के पद पर श्रीनगर में तैनात थे। शनिवार को ड्यूटी के दौरान उनका निधन हो गया। शनिवार को उनका शव वायु विमान से दिल्ली पहुंचाया गया। वहां से सीआरपीएफ के वाहन से रविवार की सुबह साथी जवान का शव लेकर उनके घर पहुंचे। शव पहुंचते ही घर में कोहराम मच गया।
मोक्षधाम में अंतिम संस्कार किया गया। बड़े पुत्र राजनेमी ने मुखाग्नि दी। मुखाग्नि के दौरान मौजूद सभी लोगों की आंखें नम हो गईं। वह अपने पीछे पत्नी कल्पना, बेटी नीलप्रिया, बेटा, राजनेमी और नुकविंदर को छोड़ गए हैं। इस दौरान सीओ सिटी गणेश शंकर त्रिपाठी, कोतवाल शिवकुमार , एसएसआई अरविंद कुमार आदि पुलिस फोर्स ने पुष्पांजलि अर्पित की।