कदौरा। विशेष स्वच्छता अभियान एवं संचारी रोगों की रोकथाम के लिए शासन के निर्देश पर अधिकारी अभियान चला रहे हैं। रविवार को एडीओ पंचायत की अगुवाई में सफाई कर्मियों की टीम ने क्षेत्र के हरचंद्रपुर गांव में नाला नालियों की सफाई करवाई। सफाई के बाद एंटी लार्वा का छिड़काव कराया।
एडीओ पंचायत ने ग्राम प्रधान, सचिव, रोजगार सेवक, पंचायत सहायक को निर्देश दिए कि वह ग्रामीणों को जागरूक करें। गांव में कहीं भी जलभराव हो तो उसका तत्काल निस्तारण करें। अन्ना मवेशियों को आश्रय केंद्रों और सुअरों को बाड़े में रखें। सफाई व्यवस्था दुरुस्त रहे। एडीओ पंचायत रामकुमार ने बताया कि ग्राम पंचायत वार सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है।
लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। प्रधान राजबहादुर की देखरेख में बागी गांव के मजरा नजीरपुर में प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी सहित गांव में सफाई अभियान चला। इस दौरान रामसिंह, अशोक कुमार, राकेश कुमार सहित कर्मी मौजूद रहे।