जालौन। नगरीय पीएचसी हरीपुरा में आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में 58 मरीज उपचार के लिए पहुंचे। मेले में बुखार, सर्दी-जुकाम, पेट दर्द, त्वचा रोग, कमजोरी, ब्लड प्रेशर से पीड़ित मरीजों की जांच कर उन्हें दवाएं वितरित की गईं। भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच अस्पताल पहुंचे मरीजों और तीमारदारों को पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ा। अस्पताल परिसर में वाटर कूलर न होने के कारण लोग ठंडे पानी के लिए परेशान नजर आए। अस्पताल प्रशासन की ओर से केवल एक घड़े में पानी की व्यवस्था की गई थी जो मरीजों की संख्या और गर्मी के हिसाब से अपर्याप्त साबित हुई। अस्पताल प्रभारी डॉ. दिलीप कुमार ने बताया कि अस्पताल में वाटर कूलर लगाए जाने के लिए उच्चाधिकारियों को प्रस्ताव भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही अस्पताल परिसर में वाटर कूलर स्थापित कराया जाएगा।