उरई। राजकीय मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में मरीजों को इलाज के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। बृहस्पतिवार को करीब 1500 मरीज पहुंचे, जिनमें आधे बुखार से पीड़ित थे। पंजीकरण से लेकर दवा वितरण तक हर स्तर पर भीड़ के कारण मरीजों की परेशानी बढ़ गई है। मरीजों को पर्चा बनवाने में 20 से 25 मिनट लगते हैं। इसके बाद डॉक्टर को दिखाने और जांच कराने के लिए भी कतार में खड़ा होना पड़ता है।
जांच रिपोर्ट तत्काल न मिलने से मरीजों को अगले दिन दोबारा अस्पताल आना पड़ रहा है। इससे दूरदराज से आने वाले मरीजों का समय और खर्च दोनों बढ़ रहे हैं। दवा काउंटर पर भी मरीजों को सभी दवाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्हें दवाएं बाहर से खरीदनी पड़ रही हैं। मौसम में बदलाव के कारण बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ी है, जिससे ओपीडी पर दबाव और बढ़ गया है।
तेज बुखार और बदन दर्द से पीड़ित मरीजों के लिए लंबा इंतजार करना मुश्किल हो रहा है। मरीजों का कहना है कि एक ही दिन में डॉक्टर से परामर्श, जांच और रिपोर्ट की प्रक्रिया पूरी होनी चाहिए। इससे इलाज जल्द शुरू हो सकेगा और उनकी परेशानी कम होगी। रोजाना करीब दो हजार मरीजों के आने से व्यवस्था पर दबाव बना हुआ है।