उरई। लखनऊ से झांसी जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस में चढ़ते समय यात्री का पर्स चोरी हो गया। यात्री ने इसकी शिकायत रेलवे हेल्पलाइन पर की, इस पर ट्रेन को पुखरायां में जीआरपी आरपीएफ ने अटेंड की और पीड़ित यात्री से पूछताछ की गई।
झांसी-कानपुर रेलखंड से गुजरने वाली ट्रेनों में इन दिनों कानपुर सेंट्रल से उरई स्टेशन के बीच चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। बुधवार की शाम साढ़े सात बजे लखनऊ से झांसी जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस पुखरायां स्टेशन पर खड़ी हुई। कंट्रोल की सूचना पर वहां पहले से मौजूद जीआरपी आरपीएफ दरोगा ने पीड़ित यात्री सर्वेश शर्मा निवासी ग्राम परियर बिठूर जनपद उन्नाव ने बताया कि वह झांसी मित्र से मिलने जा रहे थे। कानपुर सेंट्रल पर ट्रेन में सवार होते समय किसी व्यक्ति ने उनकी जेब से पर्स चोरी कर लिया। इसमें 12 हजार रुपये व कानपुर से झांसी का टिकट था। इस पर जीआरपी दरोगा रवि कुमार यादव व आरपीएफ के एएसआई रामकिशोर ने तहरीर देने की बात कही। कम ठहराव होने की वजह से यात्री वहां नहीं उतरा और उसने झांसी में तहरीर देने की बात कही।
जीआरपी एसओ नागेंद्र सरोज का कहना है कि चोरी की घटना कानपुर की है। मामला उनके क्षेत्र का नहीं है। (संवाद)