उरई/जालौन। भाजपा जिलाध्यक्ष रामेंद्र सिंह बना अपनी गाड़ी के आगे ओवरलोड मौरंग का ट्रक चलते देख बिफर गए। आनन फानन में उन्होंने ट्रक को ओवरटेक कर रोका और चालक से मौरंग लोडिंग संबंधी कागजात मांगे तो उसकी सिट्टी पिट्टी गुम हो गई।
मामला जालौन कोतवाली के पास का था, इसलिए जिलाध्यक्ष ने फोन कर कोतवाली प्रभारी रमेशचंद्र मिश्र को भी बुला लिया। इसके बाद पुलिस के साथ मिलकर तीन और ओवरलोड ट्रक पकड़े। जिलाध्यक्ष और महामंत्री दिलीप दुबे ने बताया कि पूरे मामले से जिलाधिकारी को भी अवगत करा दिया गया है। जल्द ही उरई, जालौन, माधौगढ़, रामपुरा और डकोर क्षेत्र में अभियान चलाकर ओवरलोड ट्रकों की धरपकड़ की जाएगी।
सिपाही पर ट्रक निकालने का आरोप
जालौन। भाजपा जिलाध्यक्ष जब रात के अंधेरे में ओवरलोड ट्रकों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलवा रहे थे तभी किसी ने इसकी लोकेशन ट्रक संचालकों तक पहुंचा दी। जिससे ट्रकों का संचालन कम हो गया। वहीं कोतवाली में तैनात एक सिपाही पर आरोप लगा कि वह पकड़े गए ट्रक को भगाने में सहयोग करता है। सिपाही पर आरोप है कि उसने ही ट्रक संचालकों को चेकिंग की लोकेशन की जानकारी दी। जिलाध्यक्ष ने आरोपित सिपाही की भूमिका की जांच कराकर एसपी से कार्रवाई कराने की बात कही है।