फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jalaun News: आंधी के चलते 200 से ज्यादा पोल टूटे, 100 गांवों में पानी-बिजली का संकट

विज्ञापन
फोटो - 20 कोंच क्षेत्र में आधी से टूटा पड़ा पोल। संवाद
विज्ञापन
उरई। जिले में बृहस्पतिवार शाम आई आंधी ने बिजली नेटवर्क को बड़ा नुकसान पहुंचाया है। 200 से अधिक बिजली पोल धराशायी हो गए, एक दर्जन से ज्यादा ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए और करीब सौ गांवों की बिजली व्यवस्था ठप पड़ गई। इन गांवों में 15 से 20 घंटे तक बिजली नहीं आई। बिजली न होने से पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो गई। भीषण गर्मी के बीच लोगों को पानी के लिए भी जूझना पड़ा।
विज्ञापन




हाल ही में आई आंधी से हुए नुकसान की भरपाई में बिजली विभाग अभी पूरी तरह उबर भी नहीं पाया था कि एक और आंधी ने वितरण तंत्र को झकझोर दिया। शुक्रवार को जिलेभर में बिजली विभाग की टीमें टूटे पोल बदलने, तार जोड़ने और ट्रांसफार्मरों को दुरुस्त करने में जुटी रहीं, लेकिन देर शाम तक भी कई गांवों में आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।



सबसे अधिक असर कोंच और उससे जुड़े ग्रामीण इलाकों में देखने को मिला। कोंच सेकेंड बिजलीघर के सामी फीडर की नलकूप लाइन पर तीन पोल टूट गए, जबकि नदीगांव क्षेत्र में सात पोल क्षतिग्रस्त हो गए। धनौरा, परैथा, तुमरा और चमड़ा ठाकुरपुर सहित कई गांवों में ट्रांसफार्मर खराब होने से बिजली गुल हो गई। वहीं एक टिनशेड उड़कर हरदोई गुर्जर की 33 केवी लाइन में फंस गया। इससे हरदोई गुर्जर और कोंच फर्स्ट बिजलीघरों की सप्लाई भी प्रभावित हुई।
विज्ञापन




पिंडारी बिजलीघर से जुड़े पहाड़गांव क्षेत्र में हालात और गंभीर रहे। 11 केवी लाइन के कई पोल टूट जाने से दर्जनों गांवों की बिजली बृहस्पतिवार शाम से ही ठप हो गई। 24 घंटे तक बिजली न मिलने से लोगों के घरों में लगे इन्वर्टर जवाब दे गए और पेयजल संकट भी गहरा गया। ग्रामीणों का कहना है कि जर्जर लाइनें हर बार आंधी में जवाब दे जाती हैं और खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ता है।



एट क्षेत्र के पिरौना गांव में भी 11 हजार वोल्ट लाइन का पोल टूटकर गिर गया, जिससे पूरे इलाके की बिजली बाधित हो गई। रातभर उमस और गर्मी के बीच लोगों को बिना बिजली के समय गुजारना पड़ा। जालौन क्षेत्र में दहगुवां फीडर के तार टूटने से आधा दर्जन गांव करीब दस घंटे तक अंधेरे में डूबे रहे।



बिजली संकट का असर शहरों में भी दिखाई दिया। जालौन नगर के बालाजी फीडर की मशीन खराब होने से ढाई घंटे तक बिजली आपूर्ति बंद रही। इससे जल संस्थान का ट्यूबवेल भी ठप हो गया और पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई।



बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार जिलेभर में बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। क्षतिग्रस्त पोल, तार और ट्रांसफार्मरों को बदलने का काम चल रहा है। विभाग का दावा है कि शेष प्रभावित क्षेत्रों में भी जल्द आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी, लेकिन लगातार दूसरी बार आंधी में बिजली नेटवर्क के बुरी तरह प्रभावित होने से व्यवस्था की मजबूती पर सवाल खड़े होने लगे हैं।

शहर की आपूर्ति हुई सुचारू

आंधी के कारण उरई में भी कुछ जगह लाइनें टूट गईं, जिन्हें रात में ही समय रहते ठीक करा दिया गया। शहर में बृहस्पतिवार रात को ही बिजली आपूर्ति बहाल करा दी गई। एसडीओ टाउन ऋषभ राजपूत ने बताया कि शहर में सभी जगह बिजली आपूर्ति सुचारू है।


बोले लोग
फोटो - 22 अखिलेश पटेल।
भीषण गर्मी में रहे परेशान, पानी भी नहीं
आंधी आने से बिजली चली गई है। 24 घंटे बीतने के बाद भी बिजली नहीं पहुंची है। मोटर न चल पाने से पानी के लिए परेशान हो रहे हैं। भीषण गर्मी में दूर से पानी लाना पड़ रहा है।
- अखिलेश पटेल, नरी

मोबाइल भी नहीं हो पा रहे चार्ज
फोटो - 23 हिमांशू सिरोठिया।
बिजली चली जाने से गांव में अंधेरा छाया है। मोबाइल चार्ज नहीं हो पा रहे हैं। बिजली कब तक आएगी, इसकी भी जानकारी नहीं मिल पा रही है। बस भीषण गर्मी में परेशान हैं। - हिमांशू सिरौठिया।

वर्जन

आंधी से बिजली पोल, ट्रांसफार्मर, लाइनों काे बड़ा नुकसान पहुंचा है। सभी जगह टीमें लगाकर सुधार कार्य कराया जा रहा है। जल्द ही शेष प्रभावित गांवों में भी आपूर्ति सुचारू करा दी जाएगी।

- जितेंद्र नाथ, अधिशासी अभियंता

फोटो - 20 कोंच क्षेत्र में आधी से टूटा पड़ा पोल। संवाद

फोटो - 20 कोंच क्षेत्र में आधी से टूटा पड़ा पोल। संवाद

फोटो - 20 कोंच क्षेत्र में आधी से टूटा पड़ा पोल। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें