कदौरा में किताब वितरित करते ईओ व बीडीओ
- फोटो : ORAI
कदौरा। नगर के महंत भगवत विशाल इंटर कालेज में बच्चों को बांटी गई किताबें भीगीं होने से छात्रों व अभिभावकों में आक्रोश है। छात्रों व अभिभावकों का कहना है कि वह मामले की शिकायत जिलाधिकारी से की है।
शासन द्वारा बच्चों को नि:शुल्क पुस्तकों एवं बैग का वितरण करने हेतु सभी परिषदीय विद्यालय को निर्देश दिए गए हैं। इसी को लेकर नगर के महंत भगवत विशाल इंटर कालेज में कक्षा सात व आठ के छात्रों को पुस्तकों का वितरण कराया जाना था। बुधवार को बीडीओ की अध्यक्षता व प्रधानाचार्य विकास कुमार, ईओ सुनील कुमार सिंह की उपस्थिति में पुस्तक व बैग वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रबंधन कमेटी की लापरवाही का आलम यह रहा कि बच्चों को जो किताबें दी वह पूरी तरह पानी में भीगी थी, जिससे छात्रों व उनके अभिभावकों में प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश व्याप्त था।
जिसकी शिकायत छात्रों के अभिभावकों ने जिलाधिकारी से फोन पर की। अभिभावकों ने बताया कि उसकी पुत्री आंशिक देवी जब निशुल्क किताबें व बस्ता ले कर घर आई और किताबें निकाली तो सभी किताबें पानी से भीगी हुई थी, जो निकलते ही फट गई। इस संबंध में विद्यालय प्रधानाचार्य विकास कुमार ने बताया कि कक्षा 6 के छात्रों को बस्ते व कक्षा 7 व 8 के छात्र छात्राओं को किताबें वितरित की। उनको बीआरसी से इसी तरह की किताबें मिली है जो उन्होंने बच्चों को वितरण की, इसमें उनके विद्यालय की कोई गलती नही है।