कदौरा। जमीन पर अवैध कब्जा जमाकर आशियाना बनाने वालों को आखिरी नोटिस जारी किया गया है। नगर पंचायत सरकारी जमीन पर कब्जा कर रह रहे 100 से अधिक कब्जेदारों को नोटिस जारी किया है। कब्जा न हटाने पर रिपोर्ट दर्ज कर अतिक्रमण की कार्रवाई की जाएगी। ईओ का कहना है कि निर्देश मिलते ही कब्जे गिरा दिए जाएंगे।
नगर पंचायत कर्मियों ने बुधवार को कब्जे धारकों को अंतिम नोटिस जारी किया है। नोटिस में तीन दिन के अंदर कब्जा छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। कस्बे के मोहल्ला ईदगाह में खलिहान की जमीन पर 100 ज्यादा लोगों ने कब्जा कर मकान बना लिए। कब्जेदारों को दो बार नोटिस भेजे जा चुके हैं।
तीसरा और आखिर नोटिस मिलते ही लोगो में भय का माहौल है। हमीद, इदरीश, रियाजुल, सलीम, नफीसा, जमील, रमेश, मुन्ना, लक्ष्मण, हलीम आदि ने बताया कि नगर पंचायत ने नोटिस में उन्हें अवैध कब्जा धारक कहा है। इन लोगों का कहना है कि उन लोगों को पट्टा दिया गया था। जिसके साक्ष्य भी नगर पंचायत को दिए गए हैं, फिर भी नगर पंचायत ने अंतिम नोटिस भेज कर तीन दिन में खाली करने का आदेश दिया है।
प्रभारी ईओ पवन किशोर मौर्य ने कहा कि तीन नोटिस कब्जे धारकों को दिए गए हैं। नगर पंचायत अब पब्लिक प्रॉपर्टी डिमोलेशन एक्ट (पीपी एक्ट) के तहत रिपोर्ट दर्ज कराने की कार्रवाई करेगी। उसके बाद निर्देश मिलते ही कब्जे हटाए जाएंगे। अफवाह फैलाने वालों को चिह्नित कर उन पर कार्रवाई की जाएगी।