रामपुरा। प्रसिद्ध पंचनद स्नान मेला की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने मेला स्थल पर तैयारियों का जायजा। कमियां मिलने पर प्रबंध समिति को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
श्री बाबा साहब मंदिर प्रबंध समिति एवं ग्राम पंचायत भिटौरा (कंजौसा) की देखरेख में आयोजित होने जा रहे पंचनद स्नान मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए चाकचौबंद व्यवस्था की गई है। गंगा घाट जाने वाले मार्ग पर पैच वर्क किया गया है। बैरीकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, घाट पर छोटी नौकाएं तैनात कर दी गईं हैं। महिलाओं के स्नान के लिए अलग से इंतजाम किया गया है। गुमटियां भी बनाई गई हैं।
मेला में आने वाले यात्रियों के लिए पेयजल, मंदिर की ओर से प्रसाद व भोजन क्षेत्रीय ग्रामीणों के सहयोग से वितरित किया जाएगा। मेला स्थल के बाहर चार पहिया कार, मोटरसाइकिल, साइकिल खड़ी करने के लिए अलग-अलग स्टैंड बनाए गए हैं, ताकि मेला के बीच में कोई वाहन प्रवेश कर अव्यवस्था न फैला सकें। साथ ही मेला स्थल पर अधिक भीड़ एकत्रित न हो इसके लिए क्रमवार श्रद्धालुओं के मंदिर में प्रवेश करने की व्यवस्था की गई है।
जगम्मनपुर से लेकर कंजौसा मेला, इटावा की ओर से आने बाले मार्ग में कंजौसा पुल, मेला ग्राउंड व स्नान घाट पर 20 स्थान चिह्नित क
र पुलिस ड्यूटी तय कर दी गई हैं। ग्राम पंचायत द्वारा मेला कार्यालय, खोया पाया केंद्र बनाया गया है। पुलिस कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया गया है । एसडीएम माधौगढ़ अंगद सिंह यादव, सीओ डॉ देवेंद्र कुमार, थानाध्यक्ष रामपुरा राजीव कुमार सिंह बैस ने मेला स्थल का निरीक्षण कर अधीनस्थों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।
मेला चलने तक रोजाना लगभग 40-50 हजार श्रद्धालु स्नान करते हैं। घाट पर एक समय में डेढ़ से दो हजार तक स्थानार्थी मौजूद रहते हैं। जो स्नान करके मंदिर में दर्शन के लिए निकल जाते हैं। मेले में बच्चों के मनोरंजन व खरीदारी के लिए झूले, मिष्ठान्न, किराना, जनरल स्टोर, रेडीमेड गारमेंट्स, गर्म कपड़े , बर्तन, जूता-चप्पल, क्रॉकरी , लकड़ी का सामान आदि अनेक किस्म की दुकानें सज गई हैं ।
मेले में जलेबी, सिंघाड़ा, मुरमुरा लहिया को ग्रामीण बहुत पसंद करते हैं। मंदिर के महंत सुमेरवन, प्रबंध समिति के अध्यक्ष हरगोविंद सिंह, प्रधान प्रतिनिधि मनोज सेंगर ने बताया कि पंचनद मेले की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।