ीवार में पेंटिंग बनाता पुष्पेंद्र
- फोटो : ORAI
उरई (जालौन)। कदौरा ब्लॉक के गुरु का इटौरा गांव निवासी शिक्षक स्वामीदीन के बेटे पुष्पेंद्र पेंटिंग बनाकर लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक कर रहे हैं। उन्होंने दीवार पर कोरोना योद्धाओं के सम्मान में गेरू, कोयला और चूना से पेंटिंग बनाई है।
पच्चीस वर्षीय पुष्पेंद्र कुमार राज को शुरू से ही पेंटिंग का शौक था। वर्ष 2012 में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से ललित कला से परास्नातक किया। पढ़ाई के दौरान ही पेटिंग का काम मिलने लगा। अच्छे चित्र बनाने पर कुलपति और झांसी रेलवे स्टेशन पर पेंटिंग करने पर डीआरएम ने सम्मानित किया था। 2018 में दिल्ली चले गए और वहां पेटिंग का काम करने लगे।
लॉकडाउन होने पर घर लौट आए थे। पुष्पेंद्र ने बताया कि सबसे पहले अपने घर की कच्ची दीवार पर डॉक्टर, नर्स, मीडियाकर्मी , सफाई कर्मी, पुलिसकर्मी और डाककर्मी जैसे कोरोना योद्धाओं के चित्र बनाए। चित्र में दो गज दूरी मास्क है जरूरी का स्लोगन भी चित्रित किया। घर की पूरी दीवार चित्रों से सज गई। छह ग्रामीणों के अनुरोध पर उनके घरों की दीवारों पर भी ऐसे ही चित्र बनाए।
अभिनेता सोनू सूद ने पुष्पेंद्र की सराहना
पुष्पेंद्र ने लॉकडाउन में लोगों की मदद करने वाले अभिनेता सोनू सूद की पेंटिंग भी गांव की दीवार पर बनाई। चित्र को ट्वीटर एकाउंट से अभिनेता के पास भेजा। सोनू ने ट्विट कर पुष्पेंद्र की सराहना की और जल्द ही गांव आने की बात कही थी।
गुरु रोपण की भी तस्वीर बनाई
जिले के ऐतिहासिक रोपण गुरु मंदिर की कोई तस्वीर नहीं थी। जिससे लोगों को सार्वजनिक दर्शन में परेशानी होती थी। पुष्पेंद्र ने गुरु रोपण की प्रतिमा को चित्र में बदलकर एक बड़ी पेटिंग बना दी। अब उनका चित्र सार्वजनिक रूप से मंदिर के बाहर लगा दिया गया है। जिससे लोग कभी भी दर्शन कर सकते हैं।