कदौरा (जालौन)। प्रेम प्रसंग के चलते युवती ने थाने के पास स्थित तालाब में कूदकर जान देने का प्रयास किया। युवती को छलांग लगाता देख कुछ सिपाही और राहगीरों भी पीछे से तालाब में कूद पड़े और उसे सकुशल बाहर निकाला। इसके बाद युवती को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
कस्बा निवासी युवक-युवती में पांच साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दो साल पूर्व लड़की प्रेमी के साथ चली गई थी। उस समय लड़की नाबालिग थी। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर प्रेमी को जेल भेजा दिया था। दो दिन पूर्व प्रेमिका ने पुलिस को बताया कि परिजन उसकी मर्जी के खिलाफ शादी करना चाहते हैं।
पुलिस ने युवती, उसके भाई और प्रेमी को थाने बुलाकर पंचायत की लेकिन प्रेमी ने शादी से इनकार कर दिया था। तीनों में थाने में कहासुनी होने पर पुलिस ने 151 में चालान कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुक्रवार सुबह लगभग 8 बजे युवती फिर थाने पहुंची और प्रेमी से शादी करने की जिद करने लगी।
पुलिसकर्मियों ने असमर्थता जताई तो थाने से निकल गई और कुछ दूरी पर तालाब में छलांग लगा दी। पुलिस ने युवती को निकालकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इंस्पेक्टर जीतेंद्र सिंह का कहना है कि मामला प्रेम प्रसंग का है। 151 की कार्रवाई के बाद क्या हुआ इसकी जानकारी में नहीं है।