कदौरा (जालौन)। बीडीओ अतिरंजन सिंह ने शुक्रवार को पंचायत सचिवों के साथ बड़ागांव, जमरेही, इकौना, करमचंद्रपुर और बारा गांव की गोशालाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रधानों की मौजूदगी में खुली बैठकें कर मवेशी अन्ना छोड़ने वाले पशुपालकों की सूची बनाई। पंचायत सचिवों ने 117 पशुपालकों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
बीडीओ ने बताया कि अन्ना मवेशी छोड़ने की शिकायतें लगातार आ रही हैं। किसानों की शिकायतों पर शुक्रवार को गांवों में खुली बैठकें की गईं। इन बैठकों में ग्रामीणों के बताए नामों के अनुसार मवेशी अन्ना छोड़ने वाले पशुपालकों की सूची बनाई गई। बीडीओ ने बताया कि मवेशी अन्ना छोड़ने वाले पशुपालकों को कई बार चेतावनी दी जा चुकी है, इसके बाद भी वह कई मवेशियों को अन्ना छोड़ रहे हैं।
बीडीओ ने बताया कि बड़ागांव के 24 पशुपालक, करचंद्रपुर 22, इकौना के 33, जमरेही के 27 और बारा के 11 पशुपालकों के खिलाफ तहरीर दी गई है। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।