उरई (जालौन)। झांसी-कानपुर रेलवे ट्रैक के पिरौना-एट सेक्शन के बीच बुधवार रात नीलगाय (वनरोज) का झुंड अहमदाबाद से बनारस जा रही साबरमती एक्सप्रेस से टकरा गया। एक नीलगाय फंसने से इंजन में खराबी आ गई। भुआ स्टेशन से दूसरा इंजन मंगाकर करीब दो घंटे बाद ट्रेन रवाना की गई।
09167 साबरमती एक्सप्रेस अहमदाबाद से बनारस जा रही थी। बुधवार रात करीब साढ़े सात बजे पिरौना और एट सेक्शन के बीच नीलगाय का झुंड ट्रैक पर आ गया। हादसे में दो नीलगाय की मौत हो गई। एक नीलगाय का शव इंजन में फंस गया। इससे ट्रेन खड़ी हो गई।
चालक अभिनव कुमार ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। कंट्रोल रूम की सूचना पर एट स्टेशन के डिप्टी एसएस दीपक कुमार ने भुआ स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी का इंजन पिरौना भेजा। मालगाड़ी के इंजन से साबरमती एक्सप्रेस को रवाना किया गया। इस बीच मुंबई से गोरखपुर जाने वाली कुशीनगर एक्सप्रेस को पिरौना स्टेशन पर रोका गया। हादसे के कारण साबरमती एक्सप्रेस 7:30 बजे से 9:40 बजे तक खड़ी रही।