कालपी (जालौन)। भारतीय किसान यूनियन की मासिक पंचायत प्रगतिशील कृषक श्याम बाबू पाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इसमें किसानों ने विभिन्न समस्याओं को उठाया तथा चार सूत्री मांगों का ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा गया।
गल्ला मंडी परिसर में आयोजित पंचायत में संगठन के तहसील अध्यक्ष जितेंद्र सिंह परमार ने कहा कि किसानों की समस्याओं के निदान में सरकार हीलाहवाली कर रही है। कृषि कानून के विरोध स्वरूप चल रहे राष्ट्रीय आंदोलन में तहसील अध्यक्ष राजू सिंह मल्थुआ सहित जनपद के दर्जनों किसान दिल्ली बॉर्डर में डटे हैं। केंद्रीय नेतृत्व से निर्देश मिलते ही कार्यकर्ता दिल्ली को कूच करेंगे। इस मौके पर तहसील को चार सूत्री मांगों का ज्ञापन दिया गया।
कहा गया कि ग्रामीण क्षेत्र की बिजली के तारे होने से आपूर्ति प्रभावित है। ग्राम पंचायत छोटी नादई खराब ट्रांसफार्मरों तथा दमरास के सरकारी नलकूप के ट्रांसफार्मर को बदला जाए तथा धामनी गांव के विद्युत लाइन ठीक कराई जाए। इस मौके पर चन्द्र पाल सिंह गुर्जर धामनी, देव सिंह, डॉ. सुरेश कुमार सिंह आदि शामिल रहे।