आटा (जालौन)। हाईवे पर देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक की जेब से मोबाइल के माध्यम से परिजनों को घटना की जानकारी दी। चौकी प्रभारी शीतला प्रसाद ने बताया कि सड़क पार करते वक्त हादसे की आशंका लग रही है, फिलहाल टक्कर मारने वाले वाहन का पता किया जा रहा है।
हाईवे स्थित संकट मोचन मंदिर के पास मंगलवार की रात 9 बजे के आसपास हाईवे पर लहूलुहान युवक के पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा तो युवक की मौत हो चुकी थी।
उसके कपड़ों की जेब में मिले मोबाइल से उसके एक रिश्तेदार से बात करने पर पता चला कि मृतक राजपुर, कानपुर देहात का रहने वाला था। मृतक का नाम भोले उर्फ रामलखन (32) पुत्र मोतीलाल बताया गया। रिश्तेदार के मुताबिक भोले किसी रिश्तेदारी में उरई गया था। वग घर पर ही रहकर परिवार के साथ खेती किसानी करता था।