जालौन। कक्षा 9 के छात्र के अपहरण की कहानी झूठी निकली। पुलिस के अनुसार छात्र घूमने के लिए घर से निकल गया था। घरवालों की डांट से बचने के लिए अपहरण की कहानी रच दी।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अकोढ़ी दुबे निवासी संजय कुमार ने बेटे कपिल के अपहरण की जानकारी पुलिस को दी थी। उन्होंने बताया था कि जालौन में ट्यूशन जाते समय बुधवार सुबह उरई जालौन मार्ग पर बस का इंतजार करते समय मारुति वैन सवार बदमाश बेटे को उठा ले गए थे। भिंड के पास बदमाशों ने लघुशंका के लिए गाड़ी रोकी तो कपिल भाग निकला था और ट्रक चालक के फोन से घरवालों को सूचना दी थी।
कोतवाल रमेशचंद्र मिश्र ने बताया कि छात्र जिस तरह की मारुति वैन बता रहा है, कई सीसीटीवी फुटेज में वैसे वैन नहीं मिली। अपहरण की कहानी संदिग्ध थी। जांच कोतवाल ने कहा कि छात्र घूमने के लिए गया था।