कोंच (जालौन)। महंतनगर नगर के किसान की पांच बीघा मटर की फसल अन्ना मवेशी चर गए, तो किसान मवेशियों के खिलाफ तहरीर लेकर थाने पहुंच गया।
कोंच के महंतनगर नगर निवासी डल्लू पुत्र रामगोपाल ने बताया कि बुधवार रात मटर की फसल की रखवाली कर रहा था। देर रात नींद आ गई। सुबह आंख खुली तो खेत में अन्ना मवेशियों का झुंड था। किसी तरह मवेशियों को भगाया, मवेशी पूरी फसल चर गए। किसान ने पांच लाख का नुकसान बताया है। गांव के किसान सुखवीर, सरोज और रामसिंह ने बताया कि क्षेत्र में अन्ना मवेशी फसलों नष्ट कर रहे हैं।
कोतवाल इमरान खान ने बताया कि किसान ने पांच बीघा मटर बोई थी। मवेशी गोशाला के हैं या पशुपालक के, इसकी जांच की जा रही है। उसे आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पहले भी अन्ना मवेशियों के मामले थाने पहुंचते रहे हैं।
कालपी में दो साल पूर्व मवेशी हांकने के विवाद में फायरिंग होने से एक युवक की मौत हो गई थी। पिछले साल डकोर, कदौरा, आटा और कालपी थानों में कई मुकदमे पशुपालकों पर दर्ज किए गए थे।