उरई। झांसी-कानपुर रेलवे ट्रैक के दोहरीकरण के दौरान उरई यार्ड में चल रहे काम को लेकर संरक्षा के साथ खिलवाड़ का मामला सामने आया है। बिजली विभाग की केबल प्लेटफार्म होते हुए रेलवे ट्रैक से होकर प्लेटफार्म दो तक डाली गई है। इसी दौरान कई ट्रेनें ट्रैक से गुजर गई, लेकिन किसी ने सुध नहीं ली। मीडिया की सरगर्मी के बाद बिजली विभाग के अफसरों ने केबल हटवानी शुरू की।
रविवार को प्लेटफार्म नंबर दो पर लगे पुराने खंभों को काटने का काम होना था। इसके लिए कुछ अफसरों की सहमति से प्लेटफार्म नंबर एक से कनेक्शन लेकर रेलवे ट्रैक के नीचे से केबल निकाल दो नंबर प्लेटफार्म तक केबल डाली, फिर खंभे काटे जा रहे थे। इस दौरान कई ट्रेनें भी गुजरी, जबकि छपरा मेल, राप्तीसागर एक्सप्रेस, पनवेल एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें रुककर गई।
इस दौरान काम जारी रहा। जब कुछ मीडिया कर्मियों ने लापरवाही को कैमरे में कैद किया तो तैनात कर्मियों ने तत्काल सूचना अफसरों को दी। इस बाबत बिजली विभाग के सीनियर सेक्शन इंजीनियर पीडी निरंजन का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। केबल निकलवाई जा रही है।