रेलवे अधिकारियों को निर्देश देते डीआरएम संदीप माथुर
- फोटो : ORAI
उरई/आटा। मंडल के डीआरएम संदीप माथुर ने शुक्रवार को ऊसरगांव, आटा और सरसौखी स्टेशनों का निरीक्षण किया। सरसौखी स्टेशन के अधूरे प्लेटफार्म को पूरा कराने की बात कही। इसके अलावा उरई यार्ड के साथ ही उरई को भुआ स्टेशन से जोड़ने का काम भी शुरू हो जाएगा। कहा कि चार मार्च को मुख्य संरक्षा आयुक्त के प्रस्तावित कार्यक्रम से पूर्व सारी कमियां ठीक कर लें।
उन्होंने कहा कि सरसौखी से उसरगांव तक का 19 किमी का सेक्शन पूरा होने के बाद इस ट्रैक पर ट्रेनों का संचालन भी शुरू कर दिया जाएगा। फिलहाल पैसेंजर ट्रेनें यहां रुकेंगी। साथ ही उरई यार्ड में भी काम तेजी से शुरू कर दिया जाएगा। मालगाड़ियों को सरसौखी स्टेशन पर रोका जाएगा। उरई में सिर्फ पैसेंजर ट्रेनें ही रोकी जाएगी। बताया कि उरई यार्ड के साथ ही उरई को भुआ स्टेशन से जोड़ने का काम भी शुरू हो जाएगा।
उरई और भुआ स्टेशन की दूरी लगभग 13 किलोमीटर की है। इस ट्रैक पर दोहरीकरण का काम पूरा हो गया है। सिर्फ यार्ड में नान इंटरलाकिंग का काम पूरा होना है। जिसे अगले दो तीन माह में पूरा कर दिया जाएगा। इसके अलावा नंदखास से एरच रोड 24 किलोमीटर रेलवे ट्रैक का भी काम पूरा कर लिया जाएगा। सभी नए स्टेशनों पर फुट ओवरब्रिज भी बनेंगे। इस दौरान आरवीएनएल के परियोजना निदेशक प्रियांक गुप्ता, सीनियर डीसीएम डा. जितेंद्र कुमार, सीनियर डीओएम अतुल यादव भी मौजूद रहे।
दोहरीकरण के चलते रोककर चलाई गईं ट्रेनें
उरई (जालौन)। आटा उसरगांव सेक्शन में चल रहे दोहरीकरण के काम के कारण ट्रेनों को रोककर चलाया गया। इसके चलते उरई रेलवे स्टेशन पर पुष्पक को सवा दो घंटे तक रोका गया। जबकि कई ट्रेनों को कालपी स्टेशन पर रोका गया। झांसी कानपुर रेलवे ट्रैक के दोहरीकरण का काम तेजी से चल रहा है। इसके चलते ट्रेनों को रोककर चलाया गया। बनारस से अहमदाबाद जाने वाली साबरमती एक्सप्रेस, गोरखपुर से पुणे जाने वाली ट्रेन नंबर 15024 को चार-चार घंटे, गोरखपुर से मुंबई जाने वाली कुशीनगर एक्सप्रेस को तीन घंटे कालपी के आसपास के स्टेशन पर रोककर चलाया गया। इसी तरह मुंबई से लखनऊ जाने वाली पुष्पक एक्सप्रेस को उरई रेलवे स्टेशन पर सवा दो घंटे रोककर चलाया गया। इसके चलते यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। संवाद