कोंच। नदीगांव थाना क्षेत्र के ग्राम ईश्वरी में पोस्टर लगाने को लेकर हुए विवाद में अब दोनों पक्षों की ओर से मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। पहले एक पक्ष की शिकायत पर एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। अब दूसरे पक्ष की तहरीर पर भी चार नामजद और कुछ अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना से जुड़े वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
बीते रविवार की शाम गांव में आजाद समाज पार्टी के कुछ समर्थक पोस्टर लगा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव के एक युवक ने मौके पर पहुंचकर पोस्टर फाड़ दिए और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज और मारपीट की। इतना ही नहीं, परिवार की महिलाओं और युवतियों के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया। शिकायत करने पर युवक के भाई द्वारा गांव में चैन से नहीं रहने देने की धमकी देने की बात भी कही गई थी। इस मामले में पुलिस ने गोलंदर ठाकुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। वहीं, अब दूसरे पक्ष की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने अवध, कमलेश, नीरज और रामशंकर सहित कुछ अज्ञात युवकों के खिलाफ भी मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की ओर से दर्ज कराए गए मामलों की जांच की जा रही है।