उरई। झांसी रोड पर सोमवार को नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार के नेतृत्व में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क किनारे अतिक्रमण करने वालों से कुल 31 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से रखी ईंट और मौरंग भी मिली, जिसे टीम ने जब्त कर लिया। नगर मजिस्ट्रेट ने अतिक्रमण करने वालों को दो दिन के अंदर सड़क किनारे से कब्जा हटाने की हिदायत दी। उन्होंने चेतावनी दी कि तय समय में अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो कार्रवाई की जाएगी।
नगर मजिस्ट्रेट ने कहा कि शहर में अवैध अतिक्रमण किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। निरीक्षण के दौरान कर अधीक्षक समेत नगर पालिका के कर्मचारी मौजूद रहे। (संवाद)