फोटो - 21 घंटाघर पर अतिक्रमण हटवाते सीओ व अन्य। संवाद
उरई। शहर के प्रमुख घंटाघर मार्ग से राठ रोड पर शुक्रवार दोपहर प्रशासन, नगर पालिका और पुलिस की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। सिटी मजिस्ट्रेट सुनील कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर राजीव कुमार शर्मा के नेतृत्व में हुई कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में खलबली मच गई।
दोपहर से ही नगर पालिका की टीम ने अभियान शुरू कर दिया था। जैसे ही पालिका कर्मी सड़क और फुटपाथ पर रखे सामान को हटाने लगे, दुकानदारों और ठेला संचालकों में अफरातफरी मच गई। कई लोगों ने आननफानन अपना सामान समेटना शुरू कर दिया, जबकि कुछ दुकानदारों को टीम ने मौके पर ही सामान हटाने के निर्देश दिए।
घंटाघर और राठ रोड पर लंबे समय से दुकानों का सामान सड़क तक फैला होने के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था और आए दिन जाम की स्थिति बनती थी। संयुक्त टीम ने सड़क पर किए गए अतिक्रमण को हटवाते हुए दुकानदारों को चेतावनी दी कि सार्वजनिक मार्ग पर कब्जा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अभियान के दौरान नगर पालिका ने अतिक्रमण करने वाले लोगों से 42 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला। अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों को दो दिन का अंतिम मौका देते हुए कहा कि यदि इस अवधि में स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो दोबारा अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान ईओ रामअचल कुरील, यातायात प्रभारी वीर बहादुर सिंह आदि मौजूद रहे।