उरई। जिला क्षय रोग अधिकारी एवं एसीएमओ डॉ. आनंद प्रकाश वर्मा का मोबाइल हैक कर साइबर ठगों ने शनिवार को उनके व्हाट्सएप से परिचितों को मैसेज भेजकर रुपये मांगे। किसी से 30 हजार तो किसी से 54, 55 और 60 हजार रुपये की मांग की गई। ठगों ने व्हाट्सएप पर क्यूआर कोड भेजकर भुगतान कराने का प्रयास किया, जिसमें दो लोग उनके झांसे में आ गए और बताए गए खाते में रुपये भेज दिए।
मोबाइल हैक होने की जानकारी मिलने पर डॉ. वर्मा ने तत्काल बैंक और साइबर सेल को सूचना दी। बैंक खाते में लेनदेन पर रोक लगाई गई। बताया गया कि जिस खाते में रुपये भेजने के लिए क्यूआर कोड दिया गया, वह नोएडा का है, जबकि उसमें से रुपये पटना से निकाले गए हैं। डीटीओ ने बताया कि एक व्यक्ति ने 30 हजार और दूसरे ने 60 हजार रुपये भेज दिए। मामले की जानकारी होते ही डॉ. वर्मा ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर मोबाइल हैक होने की सूचना डालकर लोगों से किसी भी मैसेज पर रुपये नहीं भेजने की अपील की। साइबर सेल मामले की जांच कर रही है।