कदौरा ब्लाक में बैरिकेडिंग लगाते कर्मचारी
- फोटो : ORAI
उरई/कदौरा। पंचायत चुनाव को लेकर 13 अप्रैल से नामांकन शुरू है, जिसको लेकर जिला प्रशासन ने मुख्यालय से लेकर ब्लॉक स्तर तक नामांकन की तैयारी पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारी व ब्लॉक अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वह ब्लॉक स्तर पर तैयारियों को दुरुस्त कर लें। नामांकन स्थल तक सिर्फ आवेदक व प्रस्तावक ही जा सकेंगे। इसके साथ सभी को अनिवार्य रूप से कोरोना की गाइड लाइन का पालन करना होगा। वहीं, निर्देश मिलते ही मुख्यालय व अन्य ब्लॉकों में तैयारी पूर्ण कर ली गई है। इसी क्रम में दौरान में बीडीओ ने नामांकन तैयारियों का जायजा लिया।
जिला मुख्यालय में नामांकन को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारी पूर्ण कर ली है। इसको लेकर जगह-जगह बैरिकेडिंग बनाई गई हैं। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था के भी इंतजाम चाक-चौबंद कर दिए गए हैं। वहीं, कदौरा में भी तैयारी पूर्ण की गई। कदौरा बीडीओ अतिरंजन सिंह ने बताया कि ब्लॉक में 16 काउंटर बनाए गए हैं। काउंटरों में प्रधान बीडीसी व सदस्य पद के उम्मीदवार अपने नामांकन दाखिल करेंगे, जिसके लिए बैरिकेडिंग, टेंट, पानी आदि की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए उम्मीदवार के साथ सिर्फ उसका प्रस्तावक ही अंदर दाखिल हो सकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भीड़ लगाने एवं जुलूस निकालने वाले प्रत्याशियों पर कार्रवाई की जाएगी।