कालपी। शुक्रवार की शाम पुल के जाम में फंसकर स्कूटी सवार गर्भवती की हालत बिगड़ गई, जिससे उसे सड़क पर प्रसव हो गया। पति का कहना है कि जब वह किसी तरह नवजात को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाल शिव गोपाल का कहना है कि पुलिस के पास ऐसी कोई सूचना नहीं है।
भोगनीपुर के ग्राम दौलतपुर निवासी अकील ने स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों को बताया कि वह शाम के वक्त अपनी गर्भवती पत्नी शबाना को दिखाने के लिए कालपी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जा रहा था। कालपी पुल से पहले ही जाम लगा था, जिसमें उसकी स्कूटी फंस गई। इसी दौरान पत्नी को जोर का दर्द होने लगा। इसके बाद भी जाम से वह आगे नहीं बढ़ सका। काफी देर तक प्रसव पीड़ा बर्दाश्त करती पत्नी को आखिरी में सड़क पर ही बच्चा हो गया। जैसे-तैसे वह बच्चे को कपड़े में लपेट कर कालपी के सामुदायिक केंद्र पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने नवजात को मृत घोषित कर दिया। स्वास्थ्य केंद्र के डॉ सुंदर सिंह ने बताया कि बच्चा अविकसित था व पांच माह में ही प्रसव हो गया था। इस कारण ही उसकी मौत हुई है। दंपति जाम में फंसे थे कि इस बारे में वे कुछ नहीं कह सकते। वहीं कोतवाल का कहना है कि यदि ऐसी स्थिति होती तो मदद के लिए पुलिस को सूचना की जा सकती थी। फिर जाम में बच्चा होने के कहीं से कोई पुष्टि भी नहीं हो रही है।