माधौगढ़। खेत में अधेड़ का शव संदिग्ध हालात में मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पाकर पुलिस और फोरेंसिक भी मौके पर पहुंची। अधेड़ के शरीर पर न के बराबर कपड़े थे और कान के पास किसी धारदार हथियार का निशान भी था। एएसपी डॉ अवधेश सिंह भी मौके पर पहुंचे। इंस्पेक्टर बीएल यादव का कहना है कि खेत पर कांटे वाले तार भी लगे हैं, हो सकता है कि जख्म के निशान उसी के हो, फिर भी हकीकत का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही चलेगा।
क्षेत्र के गांव सोप्ता निवासी राम सिंह (54) पुत्र लालाराम गुरुवार की सुबह घर से बाजार के लिए निकला था लेकिन वह ठेके पर बैठकर शराब पीने लगा। इस पर वहां पहुंची पत्नी सरोजा से उसका विवाद भी हुआ। पत्नी रुपये व झोला लेकर बाजार चली गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, काफी देर तक शराब पीने के बाद राम सिंह नशे में धुत होकर देर रात अपने गांव न जाकर धरमपुरा गांव की ओर चला गया। गांव के पहले बृजलाल राठौर के खेत के पास शुक्रवार की सुबह उसका शव सदिग्ध हालात में पड़ा मिला। खबर सुनकर पत्नी, बेटा विनोद आदि परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि मृतक मजदूरी करता था। जबकि, उसके पुत्र मकरंद व प्रमोद जयपुर व गुजरात में पानी पूरी का काम करते हैं। जबकि, एक पुत्र विनोद गांव में ही रहता है। उनके पास आधा बीघा से भी कम जमीन है। शव नग्न अवस्था में होने व जख्मों के निशान को देखते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।