कोंच। कार्यालय में पनप रहे भ्रष्टाचार से तंग आकर ग्राम सभा भदारी के ग्राम प्रधान द्वारा दिए गऐ इस्तीफे हड़कंप है। ब्लॉक कार्यालय से जुड़े लोग किसी तरह मामले को दबाने में लगे हैं। प्रधान ने शुक्रवार को कहा कि अगर पहली अगस्त तक उसके इस्तीफे को बीडीओ मंजूर नहीं करते हैं तो वह सूबे के मुख्यमंत्री व डीएम को भी अपना इस्तीफा भेजेंगेे।
विकास खंड कोंच की ग्राम सभा भदारी के प्रधान विनय कुमार ने इसी भ्रष्टाचार से तंग आकर प्रधानी के पद से अपना इस्तीफा दे दिया है जिससे ब्लॉक कार्यालय में हड़कंप मच गया है। कार्यालय से जुड़े छोटे से लेकर बड़े लोग तक इस मामले को दबाने की कोशिशों में जुटे हैं ताकि भ्रष्टाचार के छींटों से उनका दामन बचा रहे। बीडीओ शुभम बरनवाल को अपना इस्तीफा देते हुए प्रधान ने कहा है कि इस्तीफे का कारण ब्लॉक में कार्यरत एक कंप्यूटर ऑपरेटर की भ्रष्ट कार्यप्रणाली है। जिसकी वजह से दो साल पहले कराए गए कामों तक के भुगतान अब तक अटके पड़े हैं। ऐसी स्थिति में वह भ्रष्ट कंप्यूटर ऑपरेटर से तंग आकर अपना इस्तीफा दे रहे हैं।