उरई। झांसी कानपुर रेलवे ट्रैक के उरई भुआ सेक्शन में दोहरीकरण के काम के दौरान जेसीबी से टेलीकॉम विभाग की ओएफसी केबल कट गई। ओएफसी केबल को ठीक करने विभागीय कर्मचारियों को खासी मशक्कत करनी पड़ी। हालत यह हो गई कि झांसी से टीम को बुलाना पड़ा, तब जाकर केबल ठीक हो सकी। इसके चलते करीब सात घंटे रेलवे की टेलीफोन व्यवस्था बाधित रही।
रेलवे के दोहरीकरण के काम के दौरान बुधवार की सुबह करीब 11 बजे रेल विकास निगम लिमिटेड की जेसीबी से उरई भुआ सेक्शन में बड़ागांव के पास ओएफसी की केबल कट गई। जैसे ही केबल कटने की जानकारी हुई तो उरई से टीम भेजी गई। जब टीम खराबी दूर नहीं कर पाई को झांसी से स्टाफ को बुलाया गया। शाम छह बजे के करीब खराबी दूर हो सकी। इसके चलते करीब सात घंटे रेलवे की टेलीफोन सेवा प्रभावित हुई। हालांकि बीएसएनएल से काम चलता रहा। एसएसई एके अग्रवाल का कहना है कि ओएफसी कट गई थी, जिसे ठीक कर दिया गया है। विभागीय अधिकारियों को भी मामले से अवगत करा दिया गया है।