जालौन। प्रधान पुत्र ने अज्ञात कारणों के चलते खेत में बनी कोठी (कमरे) में लगे पंखे के हुक से लटककर फांसी लगा ली। उसकी मौके पर ही मौत हो गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। किशोर की मौत से घर में कोहराम मच गया।
जालौन थाना क्षेत्र के ग्राम हरदोई राजा की ग्राम प्रधान मनोरमा पत्नी कपूर सिंह के पुत्र देवराज उर्फ दीपू (14) ग्वालियर में एक शिक्षण संस्थान में कक्षा 9 का छात्र था। लॉकडाउन एवं विद्यालय बंद होने के चलते वह घर पर ही रह रहा था । मंगलवार की शाम भी वह घर से कॉपी-किताबें लेकर घर से कोठी में पढ़ने के लिए निकला था। लेकिन उसने खेत में बनी कोठी की छत में लगे कुंडे में रस्सी का फंदा लगाकर फांसी लगा ली। देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटा तो उसकी तलाश शुरू हुई। रात 8 बजे के करीब जब परिजन कोठी पर पहुंचे तो उसे देवराज को फांसी पर लटका देख उनके होश उड़ गए। घटना की जानकारी उरई में पिता कपूर सिंह और कोतवाली पुलिस को दी गई। एसआई गंगासागर मौके पर पहुंच और ग्रामीणों की मदद से शव को फांसी के फंदे से उतारा और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किशोर की मौत की खबर सुनते ही मां बेहोश हो गई और परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था। कोतवाल रमेशचंद्र मिश्र ने बताया कि मौत के कारण का पता किया जा रहा है।