फोटो-25 कोंच सीओ परमेश्वर प्रसाद को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करते पुलिस कप्तान सुरेश चंद्र र
उरई/कोंच। सिमिरिया डकैती कांड का महज 24 घंटे में खुलासा कर बदमाशों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम के नेतृत्व और तत्परता की सराहना की गई है। मामले को चुनौती के रूप में स्वीकार कर त्वरित कार्रवाई और सफल अनावरण करने पर सीओ कोंच परमेश्वर प्रसाद को एडीजी कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
कोतवाली क्षेत्र के सिमिरिया गांव में जन्माष्टमी की रात रिटायर्ड रेलकर्मी के घर घुसे बदमाशों ने बुजुर्ग दंपती को बंधक बनाकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए सीओ परमेश्वर प्रसाद ने इस घटना को चुनौती के रूप में लिया था। महज 24 घंटे के भीतर तीन बदमाशों को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया और डकैती कांड का खुलासा किया था। इस मामले में त्वरित कार्रवाई और सफल अनावरण पर एडीजी कानपुर जोन ने सीओ कोंच परमेश्वर प्रसाद के कार्य की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। सोमवार को एसपी सुरेश चंद्र रावत ने सीओ को प्रशस्ति पत्र सौंपकर उनकी पीठ थपथपाई और पुलिस की इस उपलब्धि की भूरि-भूरि सराहना की।