उरई। समग्र शिक्षा अभियान के तहत आउट सोर्सिंग के माध्यम से जिला समन्वयक के पांच रिक्त पदों के लिए भर्ती की जानी है। इसके लिए शनिवार को तीन ही अभ्यर्थी दस्तावेजों का सत्यापन कराने पहुंचे। डीएम के निर्देश पर अभिलेख सत्यापन के लिए एडीएम न्यायिक योगेंद्र सिंह की अगुवाई में चार सदस्यीय टीम गठित की गई है। टीम में जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नीरज कुमार, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी दीप कुमार, आईटीआई की नोडल प्रधानाचार्य डॉ. नूपुर कश्यप को शामिल किया गया है।
जिला समन्वयक समेकित शिक्षा, सामुदायिक सहभागिता, निपुण भारत मिशन, बालिका शिक्षा और जिला समन्वयक प्रशिक्षण के पांच पदों के लिए तीन अभ्यर्थी दस्तावेजों की जांच कराने के लिए बीएसए कार्यालय पहुंचे। जहां समिति ने अभ्यर्थियों के दस्तावेज देखे। बीएसए चंद्रप्रकाश ने बताया कि पांच पदों के लिए तीन अभ्यर्थी आए थे। इसमें एक अभ्यर्थी के दस्तावेज मानक के अनुसार मिले। सभी पद आउटसोर्सिंग के हैं। अब नए सिरे से तीन अक्तूबर को रेंडमाइजेशन के लिए अभ्यर्थियों को बुलाया जाएगा।