माधौगढ़-निर्मल अस्पताल झांसी से गुरुवार रात महिला का शव लेकर आ रही प्राइवेट एंबुलेंस जालौन जिले में कैलोर के पास पेड़ से टकरा गई। जिससे चीख-पुकार मच गई। शोरगुल सुन मौके पर ग्रामीण पहुंचे। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाल मौके पर पहुंचे और घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया।
डॉक्टर ने मृत महिला के ससुर को मृत घोषित कर दिया। ज्यादा घायल होने पर देवर, दो रिश्तेदारों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। बताते चलें कि इटावा के थाना विठोली क्षेत्र के गांव कंधावली निवासी पूनम (28) पत्नी सजीव राठौर का निर्मल अस्पताल झांसी में एक सप्ताह से इलाज चल रहा था।
गुरुवार रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पूनम का शव लेकर रधांवली निवासी ससुर रमेश राठौर (55) पुत्र रामनारायण राठौर, देवर सजेंश (28) पुत्र रमेश राठौर, रिश्तेदार पप्पू राठौर पुत्र रामदास निवासी जालौन, एंबुलेंस चालक चिरगांव झांसी निवासी नरेंद्र पुत्र धन सिंह प्राइवेट एंबुलेंस से घर लौट रहे थे।
एंबुलेंस कैलोर के पास पहुंची थी कि चालक को झपकी आ गई और एंबुलेंस खजूर के पेड़ से टकरा गई। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। कोतवाल बीएल यादव फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। कोतवाल ने सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने रमेश राठौर (55) को मृत घोषित कर दिया। वहीं जयादा घायल सजेंश, पप्पू व चालक नरेंद्र को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।