संकटा माता मंदिर में पूजा करते श्रद्धालु
- फोटो : ORAI
उरई/कोंच। भगवान शिव के सर्वाधिक प्रिय माह श्रावण के प्रथम सोमवार को नगर व क्षेत्र के शिवालयों में भारी भीड़ जुटी। भक्तों ने भगवान भूतनाथ की नाना प्रकार से अर्चना कर उन्हें बेल,फूल और नैवेद्य चढ़ाए। भोर से ही शिवालयों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का तांता लग गया था। जहां देखो वहां बोल बम और भोलेनाथ के जयकारों की गूंज सुनाई दे रही थी। शिव मंदिरों में रुद्राभिषेक भी कराया गया।
श्रावण मास के प्रथम सोमवार को हर तरफ बम-बम भोले की स्वर लहरियां सुनाई दे रही थीं। इसके अलावा कोंच नगर के बाहरी इलाकों में स्थित शिव मंदिरों झलेश्वर व पठेश्वर में भी श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचे। चंदकुआं स्थित भूतेश्वर मंदिर पर भोर से ही महिलाओं का तांता जलाभिषेक के लिए शुरू हो गया था जो दिन चढ़ने तक जारी रहा। दीर्घायु के प्रदाता भगवान मारकंडेश्वर महाराज के मंदिर में भी भक्त श्रद्धालु उनकी पूजा में लीन दिखे और बेलपत्र, पुष्प, आक, धतूरे से उन्हें प्रसन्न करने का उपक्रम करते देखे गए।
नईबस्ती स्थित सिद्घेश्वर मंदिर, महाकालेश्वर मंदिर, नायक के मठ में भी शिवभक्तों की भारी भीड़ रही और बोल बम के जयकारों के बीच भगवान आशुतोष की पूजा की गई। गुप्तेश्वर, बक्सेश्वर, पीपलेश्वर, यादवेश्वर आदि शिव मंदिरों में उमड़ी भीड़ में महिलाओं की संख्या ज्यादा रही। कई शिवालयों में रूद्राभिषेक के कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
माधौगढ़ संवाद के अनुसार सावन के पहले सोमवार को भक्तों की भारी भीड़ रही। सुबह ही शिव भक्त मंदिरों में जाकर साफ सफाई कर पूजा अर्चना की। क्षेत्र के रामेश्वरम मंदिर, सुरेश्वर मंदिर, ररूआ मदिर पर सुबह से भक्तों का तांता लगा रहा।
आदर्श संस्कृत महाविद्यालय में पूजा करते लोग- फोटो : ORAI