मुहम्मदाबाद (जालौन)। डकोर क्षेत्र में एक वृद्धा ने अपने कच्चे घर में साड़ी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कोतवाल बीएल यादव का कहना है कि महिला काफी सालों से अकेले रहती थी और उसका स्वास्थ्य भी ठीक नहीं था। जिस कारण ही उसने आत्महत्या की है।
टिमरो गांव निवासी गेंदारानी (90) के पति गनपति का करीब 20 साल पहले निधन हो चुका था। उसकी इकलौती बेटी जमुना देवी की शादी भी 25 साल पहले जालौन के वीरपुरा गांव में हो गई। इसके बाद से ही गेंदारानी अपने कच्चे घर में अकेले रहती थी। ग्रामीणों ने बताया कि रोज की तरह जब गुरुवार को काफी देर तक गेंदा घर के बाहर नहीं दिखी तो पड़ोसी घर के भीतर पहुंचे तो देखा छत पर लगी बल्ली से साड़ी बंधी थी और उसके फंदे के सहारे गेंदा का शव लटक रहा था और नीचे चारपाई पड़ी थी।
गांव के प्रधान पंचमलाल ने तत्काल डकोर पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में परिजन और पुलिस दोनों मौके पर पहुंच गए। इंस्पेक्टर ने बताया कि गेंदा की बेटी जमुना तो शव का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहती थी लेकिन आगे कोई समस्या न हो, इस कारण शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इंस्पेक्टर का कहना है कि ग्रामीणों ने पूछताछ में बताया सालों से अकेली रहने के कारण वह इन दिनों अक्सर ऊबकर जान देने की बात करती थी। गेंदा के पास जो थोड़ी बहुत जमीन थी, वह पहले ही बेटी के नाम कर चुकी थी। फिलहाल बेटी की ओर से कोई तहरीर नहंीं दी गई है।