उरई। झांसी-कानपुर हाईवे किनारे बैठकर भैंस चरा रहे वृद्ध को रविवार शाम ट्रक ने टक्कर मार दी। लोगों की जानकारी पर पहुंचे परिजनों ने उसे मेडिकल कॉलेज ले गए। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला इंदिरा नगर निवासी राममनोहर विश्वकर्मा (60) रविवार की शाम भैंस चराने झांसी-कानपुर हाईवे किनारे गया था। उसी समय वह बापू ढाबा के पास किनारे पर बैठ गया। इसी दौरान झांसी की ओर से आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे उनकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि वह भैंस पालन करके जीविका चलाते थे। उनके दो पुत्र मुकेश व रिंकू विश्वकर्मा भी मजदूरी करते हैं।
घटना के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से भाग निकला। कोतवाल अंजन सिंह का कहना है कि चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर के बाद कार्रवाई की जाएगी।