कलक्ट्रेट में बैठक लेते डीएम मन्नान अख्तर
- फोटो : ORAI
उरई। जिला स्तरीय उद्योग एवं व्यापार बंधु की बैठक जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभाकक्ष में हुई। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि व्यापारियों व उद्यमियों की समस्याओं का तय समय पर निस्तारण करें। अधिकारी व्यापारियों की समस्या को गंभीरता से ले, इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में सबसे पहले सहायक कमिश्नर वाणिज्य कर विभाग राजेंद्र पटेल ने पिछली बैठक का लेखाजोखा पढ़कर सुनाया। बैठक में व्यापारियों ने घंटाघर व राठरोड की सड़क के निर्माण के मुद्दे को उठाया। इस पर पालिका ईओ ने बताया कि उक्त सड़क निर्माण हेतु धनराशि स्वीकृत हो गई है, जल्द से जल्द कार्य पूर्ण करा लिया जाएगा। बैठक में व्यापारिक प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरा लगाए जाने को कहा।
वहीं कालपी के व्यापारियों ने खराब सड़क का मुद्दा उठाया और जल्द से जल्द सड़क का निरीक्षण कार्य कराए जाने के निर्देश दिए। व्यापारी रामप्रकाश ने इलाहाबाद बैंक मंडी ब्रांच कालपी को पुन गल्ला मंडी कालपी में स्थानांतरित किए जाने की मांग उठाई। लाइसेंस नवीनीकरण में व्यापारियों द्वारा विभागीय कर्मचारियों पर परेशान करने की शिकायत पर संबंधित अधिकारी को सख्त निर्देश दिए कि भविष्य में इस संबंध में शिकायत आने पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
गल्ला मंडी व्यापारी द्वारा बैंकों द्वारा 2 प्रतिशत जीएसटी काटने की शिकायत की जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित प्रबंधक को अगली बैठक में इस हेतु अवगत कराने के निर्देश दिए। इसके उपरांत उन्होंने औद्योगिक आस्थान व औद्योगिक क्षेत्र में प्रकाश की समस्याओं पर प्रकाश की व्यवस्था पर्याप्त सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक डा. सतीश कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रमिल कुमार सिंह सहित जनपद के व्यापारी उपस्थित रहे।