कोंच। कस्बे के आराजी लेन निवासी गो तस्कर मुन्ना उर्फ अफसर के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। उसके खिलाफ गायों की तस्करी, चोरी कर उनकी हत्या करके अवैध रूप से धनोपार्जन करने जैसे तमाम मामले दर्ज हैं। जिसकी वजह से उस पर कार्रवाई की गई है। पुलिस उसके दो और साथियों शानू और शाहिद उर्फ सईद के खिलाफ भी एनएसए की कार्रवाई कर चुकी है।
कोतवाली पुलिस व एसओजी टीम ने 14 दिसंबर 2023 को चेकिंग के दौरान गोवंश से लदी एक लोडर को रोकने का प्रयास किया गया था जिसमें लोडर पर सवार बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया था। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो गो तस्कर पैर में गोली लगने से घायल हुए थे। पुलिस ने इस मुठभेड़ में मुन्ना उर्फ अफसर सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया था। मुन्ना के पास से अवैध असलहा सहित तमाम सामान बरामद किया गया था। पुलिस ने उनके खिलाफ कार्रवाई की थी। इसके बाद उसके खिलाफ गैंगस्टर की भी कार्रवाई की गई थी। प्रभारी निरीक्षक अजयब्रह्म तिवारी ने उसके खिलाफ एनएसए की कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा था। जिस पर उसके खिलाफ एनएसए की कार्रवाई की गई है।