उरई। जालौन-गरौठा-भोगनीपुर लोकसभा क्षेत्र में कुल 11 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। अंतिम दिन शुक्रवार को प्रत्याशियों ने जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार पांडेय के न्यायालय कक्ष में पहुंचकर नामांकन किया। इसमें छह दलीय और पांच निर्दलीय समेत 11 प्रत्याशियों ने नामांकन किया।
नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन 11 प्रत्याशियों ने 27 नामांकन पत्र दाखिल किए। जिसमें भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी भानुप्रताप सिंह वर्मा के चार सेट, बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी सुरेश चंद्र गौतम के तीन सेट, समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी नारायनदास अहिरवार के चार सेट, निर्दलीय प्रत्याशी प्रेमलता वर्मा के दो सेट, निर्दलीय प्रत्याशी दल सिंह के चार सेट दाखिल किए।
इसके साथ ही निर्दलीय प्रत्याशी चंद्रभान के एक सेट, निर्दलीय प्रत्याशी ब्रजमोहन के एक सेट, अलहिंद पार्टी के प्रत्याशी गंगा सिंह के तीन सेट, भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के प्रत्याशी नगेंद्र कुमार के दो सेट, निर्दलीय प्रत्याशी धर्मेंद्र ने दो सेट, राष्ट्रवादी भारत पार्टी के प्रत्याशी ब्रजबिहारी ने एक सेट दाखिल किया। सामान्य प्रेक्षक प्रदीप गांवडे केशोराव ने भी निर्वाचन आयोग के निर्देश के तहत निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रक्रिया के साथ निर्वाचन संपन्न कराने के दृष्टिगत नामांकन कक्ष में उपस्थित रहकर प्रेक्षण किया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि शनिवार को नामांकन पत्रों की स्क्रीनिंग की जाएगी।
यह प्रत्याशी है मैदान में
भानुप्रताप सिंह वर्मा-भारतीय जनता पार्टी
नारायणदास अहिरवार-समाजवादी पार्टी
सुरेश चंद्र गौतम-बहुजन समाज पार्टी
गंगा सिंह-अलहिंद पार्टी
नगेंद्र कुमार-भारतीय शक्ति चेतना पार्टी
बृजबिहारी-राष्ट्रवादी भारत पार्टी
प्रेमलता वर्मा-निर्दलीय
दलसिंह-निर्दलीय
धर्मेंद्र-निर्दलीय
चंद्रभान-निर्दलीय
ब्रजमोहन निर्दलीय