कदौरा में आवासों का निरीक्षण करते अवर अभियंता उमेश कुमार
- फोटो : ORAI
कदौरा। पहली व दूसरी किस्त लेने के बाद भी आवास का निर्माण न कराने वाले लाभार्थियों पर डूडा विभाग ने डंडा चलाया। सोमवार को डूडा विभाग के अवर अभियंता ने नगर क्षेत्र के 21 लाभार्थियों को नोटिस देकर दो सप्ताह में आवास निर्माण कराने की चेतावनी दी है, निर्माण कार्य न होने पर सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
बता दें कि नगर पंचायत में नगरीय प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत नगर में सैकड़ों लाभार्थियों को आवास मिले हैं। इसके साथ ही प्रशासन से आवास बनवाने के लिए लाभार्थियों को प्रथम व द्वितीय किस्त का पैसा भी दे दिया गया है, पर पैसा लेने के बाद भी कई लाभार्थियों ने आवास नही बनवाए है इस मामले को लेकर जिलाधिकारी स्तर से डूडा विभाग व नगर पंचायत ईओ को चेतावनी जारी की गई थी ।
सोमवार को ईओ सुनील कुमार सिंह की देखरेख में डूडा विभाग के अवर अभियंता उमेश कुमार ने नगर के मोहल्ला आंबेडकरनगर, सिद्धार्थनगर पुरवा कुरयाता में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभार्थियों को मिले आवासों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई लाभार्थी ऐसे मिले जिन्होंने किस्त का पैसा तो निकाल लिया पर आवास नहीं बनवाए थे। इन लाभार्थियों पर प्रशासन ने डंडा चलाना शुरू कर दिया है।
अवर अभियंता उमेश कुमार ने बताया कि सर्वे रिपोर्ट के अनुसार 395 लाभार्थियों को अनुदान राशि दी गई है जिनमें 200 आवास कंप्लीट हुए हैं 70 पर छत पड़ चुकी है जबकि 104 पर कार्य प्रगति में है वहीं 21 लाभार्थियों ने प्रथम किस्त लेने के बाद बीम डलवा कर कार्य बंद कर दिया है जिन्हें नोटिस दी गई है कि अगर दो सप्ताह में कार्य पूरा नहीं कराया तो एफआईआर दर्ज कराकर रिकवरी के साथ अन्य सरकारी योजनाओं से वंचित कर दिया जाएगा। इस संबंध में नगर पंचायत ईओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि विगत वर्ष लाभार्थियों द्वारा 813 आवेदन किए गए हैं, जिनमें 512 आवेदनों की जांच राजस्व टीम कर रही है जबकि 301 लाभार्थियों के आवास स्वीकृत हो गए हैं जिनका जल्द खाते में पैसा आ जाएगा।