कदौरा में समीक्षा बैठक लेते एसीएमओ डॉ सत्य प्रकाश
- फोटो : ORAI
कदौरा। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी ने पोलियो अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सुपरवाइजरों की बैठक ली। जिसमें एक एएनएम द्वारा बिना पोलियो ड्राप पिलाए ही पोलियो पिलाने का चिह्न लगा मिलने पर नोटिस देते हुए दो दिन के अंदर जवाब मांगा और ब्लाक कार्यक्रम प्रबंधक को पोलियो अभियान में लापरवाही बरतने पर चेतावनी दी।
मंगलवार को एसीएमओ डॉक्टर सत्यप्रकाश ने सीएचसी में पोलियो अभियान की समीक्षा की तो ग्राम खुटमुली की एएनएम बसुधा की लापरवाही सामने आई, जानकारी करने पर पता चला कि एएनएम ने कुछ क्षेत्रों में बिना पोलियो ड्राप पिलाए ही कागजों में पिलाने की सूचना दर्शा दी थी, जिस पर उनका पारा चढ़ गया और उन्होंने एएनएम को नोटिस थामते हुए दो दिन में जवाब मांगा है। वहीं ब्लाक कार्यक्रम प्रबंधक शैलेन्द्र कुमार को लापरवाही करने पर कड़ी चेतावनी दी। इस संबंध में डॉक्टर सत्यप्रकाश ने कहा कि पोलियो कार्यक्रम राष्ट्रीय कार्यक्रम है इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी उन्होंने चिकित्सा अधीक्षक अशोक कुमार को नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए साथ ही लापरवाह कर्मियों की सूची बना कर कार्रवाई करने के आदेश भी दिए। इस मौके पर चिकित्सा अधीक्षक अशोक कुमार, गोविंद शर्मा, रविन्द्र सिंह, धीरेंद्र, कमलेश कुमार, रमन सिंह सहित सुपरवाइजर मौजूद रहे।
एसीएमओ ने जांच कर दर्ज किए बयान
कदौरा। गलत इंजेक्शन से नवजात की मौत मामले में जांच के लिए पहुंचे एसीएमओ ने पीड़ित व स्टाफ नर्स के बयान दर्ज किए। 18 जनवरी को जनपद के दो दिवसीय दौरे में निरीक्षण करने आए नोडल अधिकारी धीरज साहू को कस्बा निवासी विजय कुमार ने शिकायती पत्र देकर सीएचसी में तैनात स्टाफ नर्स पर आरोप लगाया था, कि उसके 13 दिन के नवजात की गलत इंजेक्शन लगाने से मौत हो गई थी। जिस पर नोडल अधिकारी ने जिलाधिकारी डॉ मन्नान अख्तर को जांच कराने के निर्देश दिए थे। जिस पर जिलाधिकारी ने जांच एसीएमओ को दी थी। मंगलवार को एसीएमओ डॉ सत्यप्रकास ने शिकायतकर्ता विजय कुमार व स्टाफ नर्स के बयान दर्ज किए। इस संबंध में एसीएमओ डॉ सत्यप्रकाश ने बताया कि व जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपेंगे।